नींद और तनाव का विशेष ख्याल रखें। कम से कम 7 घंटे की नींद ज़रूरी है। नींद की कमी से शुगर बढ़ सकती है।
डॉ. अलका वालावलकर
रेजोनेंस वेलनेस एक अग्रणी संस्था है जो कॉर्पोरेट और कम्युनिटी वेलनेस प्रोग्राम्स के माध्यम से कर्मचारियों और आम जनमानस को स्वस्थ रखने की दिशा में कार्यरत है। कंपनी द्वारा आयोजित वर्कशॉप्स एक दिन से लेकर कुछ घंटों तक की हो सकती हैं और विशेष अवसरों जैसे मदर्स डे, वूमेन्स डे, आदि पर भी आयोजित की जाती हैं। इनमें न्यूट्रिशन सपोर्ट से लेकर जेनेटिक हेल्थ टेस्टिंग तक की सेवाएं दी जाती हैं।
डॉ. अलका वालावलकर, रेजोनेंस की निदेशक हैं। वे डायबिटीज़ एजुकेटर, लाइफस्टाइल न्यूट्रिशन विशेषज्ञ, और Integrative Health & Medicine में प्रशिक्षित हैं। उन्होंने 1999 में अपने करियर की शुरुआत Bhabha Atomic Research Centre से की थी। उन्हें डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वारा Academic Excellence Award से सम्मानित किया जा चुका है। आज वे डायबिटीज़, फैटी लिवर, PCOD/PCOS, और हाइपरटेंशन जैसी लाइफस्टाइल बीमारियों के लिए वर्कशॉप के साथ साथ काउंसलिंग करती हैं।

आपके कंपनी के बारे में संक्षेप में बताइए, कंपनी रेजोनेंस वैलनेस क्या करती है?
रेजोनेंस वैलनेस एक बहुआयामी हेल्थकेयर संस्था है जो कॉर्पोरेट और सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की संपूर्ण स्वास्थ्य रक्षा को समर्पित है। इस संस्था का मूल उद्देश्य है—जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम और उनका वैज्ञानिक प्रबंधन, ताकि व्यक्ति दवाओं पर निर्भर न रहकर स्वयं के जीवनशैली में बदलाव के माध्यम से स्वस्थ रह सके।
रेजोनेंस वैलनेस खासतौर पर कॉरपोरेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए वेलनेस वर्कशॉप्स, जनरेटिक हेल्थ स्क्रीनिंग, न्यूट्रिशन गाइडेंस और वन-ऑन-वन काउंसलिंग जैसी सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी मानती है कि अगर कर्मचारियों का स्वास्थ्य बेहतर होगा, तो उनकी उत्पादकता और मानसिक स्थिरता भी उतनी ही सशक्त होगी।
इस कंपनी के माध्यम से साइंस बेस्ड, इंटिग्रेटिव हेल्थ मॉडल पर काम कर रही हैं। वे लाइफस्टाइल कोचिंग के माध्यम से मरीजों को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, फैटी लिवर, PCOD/PCOS जैसी बीमारियों से उबरने में मार्गदर्शन देती हैं।
विशेष बात यह है कि रेजोनेंस वैलनेस द्वारा की जाने वाली Genetic Health Testing — IIT मुंबई की लैब में होती है — जिससे किसी भी व्यक्ति की अनुवांशिक प्रवृत्ति और संभावित बीमारियों की पूर्व जानकारी प्राप्त कर, उसका वैज्ञानिक समाधान निकाला जा सकता है। कंपनी का यह दृष्टिकोण विशुद्ध रूप से रोकथाम पर केंद्रित है, जो आज के समय में स्वास्थ्य सेवा की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है।
कॉरपोरेट वैलनेस वर्कशॉप सामान्यतः कितने दिनों की होती है?
रेजोनेंस वैलनेस द्वारा संचालित कॉरपोरेट वेलनेस वर्कशॉप्स का स्वरूप संस्था की आवश्यकता, कर्मचारियों की भागीदारी और उपलब्ध समय के अनुसार लचीला होता है। ये वर्कशॉप्स आमतौर पर विभिन्न स्वरूपों में आयोजित की जाती हैं:
पूर्ण दिवस कार्यशालाएं (Full-day Workshops): इनमें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित अनेक सत्र होते हैं—जैसे पोषण, स्ट्रेस मैनेजमेंट, स्क्रीनिंग टेस्ट्स, योग, फिटनेस डेमो आदि।
अल्पकालिक सत्र (Short Sessions): 1-2 घंटे की वेलनेस टॉक्स, हेल्थ टिप्स, या स्पेसिफिक विषयों पर संवाद—जैसे “Women’s Hormonal Health”, “Desk Job Nutrition”, “Sleep and Metabolism” आदि।
विशेष आयोजनों पर कार्यशालाएं (Wellness Events): जैसे मातृ दिवस, महिला दिवस, पुरुष स्वास्थ्य सप्ताह आदि के अवसर पर स्वास्थ्य-जागरूकता से जुड़े सत्र आयोजित किए जाते हैं। मुंबई जैसे महानगरों में मैरेथॉन और फिटनेस मूवमेंट्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। ऐसे आयोजनों से प्रेरणा लेकर रेजोनेंस ने अपनी वर्कशॉप्स में फिजिकल चैलेंजेस, न्यूट्रिशन सपोर्ट और लाइफस्टाइल असेसमेंट को भी शामिल किया है। इसका उद्देश्य केवल शारीरिक स्वास्थ्य नहीं, बल्कि मानसिक, सामाजिक और व्यावसायिक स्वास्थ्य को एक साथ संतुलित करना है।

डायबिटीज़ रिवर्सल क्या होता है? क्या दवा से डायबिटीज़ हमेशा के लिए समाप्त हो सकती है?
‘डायबिटीज़ रिवर्सल’ शब्द आम भाषा में अक्सर प्रयोग किया जाता है, किंतु चिकित्सा विज्ञान की दृष्टि से इस स्थिति को ‘डायबिटीज़ रिमिशन’ कहा जाना अधिक उपयुक्त है। रिमिशन का अर्थ है वह अवस्था जिसमें ब्लड शुगर सामान्य सीमा में बना रहता है और व्यक्ति को दवाओं या इंसुलिन की आवश्यकता नहीं होती, परंतु यह स्थायी उपचार नहीं होता।
जब कोई व्यक्ति नियमित रूप से संतुलित आहार लेता है, शारीरिक रूप से सक्रिय रहता है, तनाव प्रबंधन करता है और नींद की गुणवत्ता बनाए रखता है, तो उसका ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म सुधरता है तथा शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी बढ़ती है। इससे रक्त में शर्करा का स्तर सामान्य बना रहता है और धीरे-धीरे दवाओं की आवश्यकता कम हो सकती है।
हालाँकि यह स्थिति तब तक ही बनी रहती है जब तक जीवनशैली में अनुशासन बना रहे। जैसे ही व्यक्ति असंयमित खानपान, शारीरिक निष्क्रियता या अत्यधिक मानसिक तनाव की ओर लौटता है, रक्त शर्करा पुनः असंतुलित हो सकती है और डायबिटीज़ की स्थिति दोबारा सक्रिय हो सकती है। अतः यह एक स्थायी इलाज नहीं, बल्कि अनुशासित जीवनशैली से प्राप्त दीर्घकालिक नियंत्रण की स्थिति है।
रिसर्च से यह सिद्ध हुआ है कि यदि प्री-डायबेटिक अवस्था में ही व्यक्ति सचेत हो जाए और अपने खानपान, व्यायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी आदतों पर ध्यान देना प्रारंभ कर दे, तो वह न केवल डायबिटीज़ को टाल सकता है, बल्कि पूरी तरह एक सामान्य जीवन जी सकता है।
इस दिशा में जेनेटिक हेल्थ टेस्टिंग एक प्रभावी उपाय है, जिससे यह ज्ञात किया जा सकता है कि व्यक्ति को किन बीमारियों की आनुवंशिक प्रवृत्ति है। डीएनए प्रोफाइल के आधार पर यदि जीवनशैली को प्रारंभिक अवस्था में ही वैज्ञानिक ढंग से निर्देशित किया जाए, तो टाइप-2 डायबिटीज़ जैसी बीमारियों की संभावना को काफी हद तक टाला जा सकता है।
दवाएं केवल रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में सहायक होती हैं, लेकिन यदि रोग की जड़ पर काम करना है, तो जीवनशैली में परिवर्तन अनिवार्य है। केवल दवा के भरोसे रहना एक अस्थायी समाधान है, जबकि खानपान, व्यायाम, नींद और मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित रखकर प्राप्त किया गया नियंत्रण ही दीर्घकालिक और प्रभावी समाधान है। डायबिटीज़ रिमिशन संभव है, पर इसके लिए व्यक्ति को अपनी जीवनशैली में निरंतर अनुशासन, संतुलन और वैज्ञानिक मार्गदर्शन बनाए रखना आवश्यक होता है। सही समय पर किया गया हस्तक्षेप ही इस रोग को नियंत्रित रखने की कुंजी है।
आप लाइफस्टाइल न्यूटि्रशन में कब से हैं और इस क्षेत्र में आपका कैसे आना हुआ?
मेरा करियर 1999 में भाभा एटोमिक रिसर्च सेंटर (BARC) से शुरू हुआ, जहाँ मैंने गेहूं प्रोटीन पर एक डीएई परियोजना पर कार्य किया।
कुछ वर्षों तक सक्रिय अनुसंधान में कार्य करने के पश्चात एक विराम लिया और अपने जीवन के उद्देश्य पर पुनः विचार किया। हालांकि BARC मुख्य रूप से अनुसंधान के लिए प्रसिद्ध है, परंतु वहाँ के विविध विभागों में कार्य करते हुए मुझे यह एहसास हुआ कि असली परिवर्तन तब आता है जब हम वैज्ञानिक शोध को आम लोगों के जीवन से जोड़ते हैं। यही विचार मेरे करियर को क्लिनिकल न्यूट्रिशन और लाइफस्टाइल साइंस की दिशा में लेकर गया। आज मैं एक सर्टिफाइड डायबिटीज़ एजुकेटर के रूप में कार्यरत हूँ, और मेरा फोकस लोगों को उनके दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाकर स्वास्थ्य समस्याओं से छुटकारा दिलाने पर है।
डायबिटीज़ मरीजों को आलू, चावल और फलों से परहेज़ करना चाहिए—क्या यह सही है?
यह पूरी तरह से सही नहीं है। आलू, चावल और फल सभी कार्बोहाइड्रेट्स के स्रोत हैं और शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं। समस्या इनके प्रकार, मात्रा और संयोजन की है। उदाहरणस्वरूप, सफेद चावल की जगह ब्राउन राइस या मिलेट्स बेहतर विकल्प हैं। फलों में उपस्थित फाइबर प्राकृतिक शुगर के अवशोषण को धीमा करता है, जिससे रक्त शर्करा पर प्रभाव कम पड़ता है। इसलिए पूर्ण निषेध की बजाय नियंत्रित मात्रा में संतुलित आहार लेने की सलाह दी जाती है।
क्या मीठा खाने से डायबिटीज़ होती है?
यह एक सामान्य भ्रांति है कि डायबिटीज़ केवल मीठा खाने से होती है। टाइप-1 डायबिटीज़ एक ऑटोइम्यून बीमारी है जो शरीर की अपनी प्रतिरक्षा प्रणाली द्वारा इंसुलिन उत्पादक कोशिकाओं को नष्ट कर देने के कारण होती है। टाइप-2 डायबिटीज़ अधिकतर जीनेटिक प्रवृत्ति और जीवनशैली संबंधी कारणों से होती है, जैसे—शारीरिक निष्क्रियता, मोटापा, अत्यधिक कैलोरी युक्त और प्रोसेस्ड फूड का सेवन। मीठा—जो कि कार्बोहाइड्रेट का एक स्रोत है—यदि सीमित मात्रा में और संतुलित आहार के साथ लिया जाए तो वह हानिकारक नहीं होता। समस्या तब होती है जब हम इसका अत्यधिक सेवन करते हैं, विशेष रूप से रिफाइंड शुगर और मिठाइयों का।
आजकल विभिन्न प्रकार के तेल प्रचलन में हैं—इनके उपयोग को लेकर आपकी सलाह क्या है?
तेल हमारे शरीर के लिए आवश्यक फैटी एसिड्स का प्रमुख स्रोत हैं, लेकिन आज बाजार में प्रचलित अधिकांश रिफाइंड तेल अत्यधिक तापमान पर प्रोसेस किए जाते हैं। इस प्रक्रिया में ट्रांस फैट्स और टॉक्सिन्स उत्पन्न होते हैं, जो शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। बेहतर है कि हम कोल्ड प्रेस्ड ऑयल, फिल्टर्ड ऑयल या पारंपरिक तेल जैसे तिल का तेल, नारियल तेल या सरसों का तेल चुनें। साथ ही, उच्च तापमान पर बार-बार तेल का उपयोग भी हानिकारक रसायनों को जन्म देता है, अतः इससे बचना चाहिए।
क्या दूध और उससे बनी चीजें डायबिटीज़ में वर्जित हैं?
दूध और डेयरी उत्पाद पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत हैं, किंतु आजकल अधिक उत्पादन के लिए पशुओं को स्टेरॉयड्स, एंटीबायोटिक्स और हार्मोन्स दिए जाते हैं, जो उनके दूध में मिलकर हमारे शरीर को प्रभावित करते हैं। ये रसायन शरीर में हॉर्मोनल असंतुलन और इंसुलिन रेसिस्टेंस को बढ़ावा दे सकते हैं। इसलिए ऑर्गेनिक, देशी या फुल-फैट नैचुरल दूध का सीमित मात्रा में सेवन बेहतर विकल्प है।
ग्लूटेन (Gluten) क्या है और इसका सेवन किस प्रकार किया जाना चाहिए?
ग्लूटेन गेहूं, जौ और राई जैसे अनाजों में पाया जाने वाला एक प्रोटीन है। यह अधिकांश लोगों के लिए सुरक्षित होता है, लेकिन कुछ व्यक्तियों, विशेषकर सीलिएक डिजीज या ग्लूटेन सेंसिटिविटी वाले मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है। वर्तमान में अधिकांश गेहूं जैविक रूप से परिवर्तित होते हैं, जिससे उनका पाचन कठिन हो सकता है। ऐसे में *मिलेट्स (जैसे बाजरा, ज्वार, रागी)* का सेवन अधिक स्वास्थ्यवर्धक होता है।
हेल्दी नाश्ते में किन चीजों को शामिल किया जाना चाहिए?
एक संतुलित और स्वास्थ्यवर्धक नाश्ते में ड्राय फ्रूट्स, सीज़नल फल, अंकुरित अनाज और प्राकृतिक प्रोटीन स्रोत शामिल किए जाने चाहिए। ये न केवल शरीर को आवश्यक ऊर्जा प्रदान करते हैं बल्कि फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स का भी अच्छा स्रोत होते हैं।
इन्सुलिन पर निर्भर मरीजों को किन सावधानियों का पालन करना चाहिए?
कभी भी इंसुलिन की खुराक डॉक्टर की सलाह के बिना न बदलें।
इंसुलिन समय पर लेना अत्यंत आवश्यक है।
लो ब्लड शुगर (Hypoglycemia) की स्थिति से बचने के लिए हमेशा जेब में कुछ मीठा जैसे ग्लूकोज टेबलेट या टॉफी रखें।
साथ ही, एक मेडिकल कार्ड रखें जिसमें लिखा हो—“अगर मैं बेहोश हो जाऊं तो मुझे मीठा दिया जाए।”
इंसुलिन इंजेक्शन देने की सही तकनीक और समय के बारे में पूरी जानकारी रखना आवश्यक है।
डायबिटीज़ और हृदय रोग के बीच क्या संबंध होता है ?
डायबिटीज़ एक मेटाबॉलिक सिंड्रोम है, जिसका प्रभाव केवल शुगर लेवल तक सीमित नहीं रहता। यह धीरे-धीरे हृदय, गुर्दे, आंखें और तंत्रिका तंत्र को भी प्रभावित करता है। विशेष रूप से टाइप-2 डायबिटीज़ वाले व्यक्तियों में हृदय रोगों की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए केवल दवाओं पर निर्भर न रहकर, जीवनशैली को संतुलित रखना अत्यंत आवश्यक है।
क्या डायबिटीज़ की दवाएं शरीर में इंसुलिन उत्पन्न करती हैं ? इनका कार्य क्या होता है ?
डायबिटीज़ की अधिकांश दवाएं शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी को बढ़ाने का कार्य करती हैं—यानी कोशिकाओं को इंसुलिन के प्रति अधिक संवेदनशील बनाती हैं, जिससे शुगर को ऊर्जा में परिवर्तित करना आसान होता है। जब रक्त में शुगर स्तर अत्यधिक बढ़ जाता है, तब केवल दवाएं पर्याप्त नहीं होतीं, और इंसुलिन इंजेक्शन की आवश्यकता होती है। विशेष रूप से टाइप-1 डायबिटीज़ के मरीजों को तो जीवन भर इंसुलिन लेना पड़ता है।
डायबिटीज़ मरीजों के लिए बेहद ज़रूरी टिप्स:
खानपान में संयम और संतुलन रखें। सही समय पर खाना खाएं, खाने में लंबा गैप न दें।
सादा और कम मसालेदार खाना खाएं– मसाले, ज्यादा तेल और रिफाइंड शुगर से परहेज़ करें।
लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फूड्स (जैसे जौ, बाजरा, ओट्स, साबुत अनाज) को प्राथमिकता दें।
चीनी, मिठाई, शक्कर वाली चाय या कोल्ड ड्रिंक्स से दूर रहें।
फल ज़रूर खाएं, लेकिन सीमित मात्रा में और ज़्यादा मीठे फल जैसे केले, आम, चीकू से परहेज़ करें।
व्यायाम और एक्टिव लाइफस्टाइल ज़रूरी है। रोज़ कम से कम 30 से 45 मिनट तक तेज़ वॉक या हल्का व्यायाम ज़रूर करें। इससे ब्लड शुगर कंट्रोल में रहता है।
लंबे समय तक बैठने से बचें, हर एक घंटे में 5 मिनट टहलें।
खुद की नियमित मॉनिटरिंग करें। हफ्ते में कम से कम 1–2 बार ब्लड शुगर चेक करें, डायरी में रिकॉर्ड रखें।
यदि आप इंसुलिन पर हैं, तो डोज़ अपने डॉक्टर से पूछकर ही बदलें।
नींद और तनाव का विशेष ख्याल रखें। कम से कम 7 घंटे की नींद ज़रूरी है। नींद की कमी से शुगर बढ़ सकती है।
तनाव (Stress) से डायबिटीज़ बिगड़ता है, इसलिए ध्यान, श्वास तकनीक और पॉजिटिव सोच को अपनाएं।
पैरों की देखभाल बेहद ज़रूरी-डायबिटीज़ से पैरों में सुन्नपन या घाव हो सकते हैं। हर रोज़ पैर धोएं, मॉइस्चराइज़ करें और चोट से बचें। टाइट जूते न पहनें और हमेशा पैरों की जांच करें।
स्मार्ट डाइटिंग के साथ इंटरमिटेंट फास्टिंग भी कारगर हो सकती है – यदि डॉक्टर अनुमति दें तो 12–14 घंटे की इंटरमिटेंट फास्टिंग आज़माएं (रात 8 बजे भोजन, सुबह 10 बजे अगला)।
मेथी दाना, जामुन बीज पाउडर, करेला जूस, नीम के पत्ते
आदि परंपरागत उपाय मददगार हो सकते हैं लेकिन दवाइयों के विकल्प नहीं हैं।









