Friday, November 20, 2026
  • About Us
Corporate Impact
  • Home
  • Cover Story
  • Personalities Impact
  • Videos
  • PDF Issues
Hindi
No Result
View All Result
Corporate Impact
Home Insight story

शब्दों से तकनीक तक, तकनीक से शब्द साधना तक पूजा अग्रवाल की प्रेरणादायी यात्रा

admin by admin
November 20, 2026
in Insight story
0
शब्दों से तकनीक तक,  तकनीक से शब्द साधना तक पूजा अग्रवाल की प्रेरणादायी यात्रा

तकनीकी दुनिया से निकलकर कविता, गीत और कहानियों के कोमल संसार में अपनी पहचान बनाने वाली प्रसिद्ध कवयित्री पूजा अग्रवाल की कहानी – जहाँ दर्द कविता की जननी बना, माँ की ममता ‘अम्मा की चाय’ बनी और ‘माटी के पंख’ से लेकर ‘माटी का आसमान’ तक का सफर मानवीय संवेदनाओं और प्रकृति संरक्षण को समर्पित है।

 

 

पूजा अग्रवाल

 

लेखिका एवं कवियत्री

रायपुर

 

आपने अपनी उच्च शिक्षा B.Sc., MCM और MCA (कंप्यूटर एप्लीकेशन) में की है, फिर आपका झुकाव कविता, गीत और लेखन की दुनिया की तरफ कैसे हुआ?

 

देखने में यह सफर थोड़ा विरोधाभासी लगता है—एक तरफ कंप्यूटर साइंस और मैनेजमेंट की तकनीकी दुनिया (B.Sc., MCM, MCA) और दूसरी तरफ कविता, गीत और लेखन का कोमल संसार। लेकिन सच कहूं तो, बस वक्त के साथ मेरी नियति ने मुझे वहाँ पहुँचा दिया जहाँ मुझे होना चाहिए था।

 

लेखन के प्रति मेरा पहला बीज बचपन में ही पड़ गया था। मुझे आज भी याद है, स्कूल से लौटकर मैंने एक बार भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की एक किताब उठाई थी। उसके कुछ पन्ने पढ़ने के बाद मुझे वह जादू महसूस हुआ कि शब्दों में इतनी ताकत भी हो सकती है। तभी मेरे मन में पहली बार यह विचार आया था कि मैं भी बड़ा होकर ऐसा ही कुछ खूबसूरत लिखूंगी। हालांकि तब यह सिर्फ एक मासूम सी चाहत थी। मैं अपनी पढ़ाई की किताबों—फिजिक्स और केमिस्ट्री की कॉपियों के पीछे अक्सर कुछ न कुछ लिख लिया करती थी, लेकिन कभी यह नहीं सोचा था कि मैं मंचों पर काव्य-पाठ करूंगी या मेरी किताबें छपेंगी।

वक्त के साथ पढ़ाई और करियर की भागदौड़ में यह शौक कहीं पीछे छूट गया। मैंने पूरी तन्मयता से कंप्यूटर साइंस में अपनी उच्च शिक्षा पूरी की, लेकिन कहते हैं न कि आपकी नियति आपके लिए रास्ते खुद तय करती है। जीवन में एक ऐसा दौर आया जब कुछ उतार-चढ़ाव और संघर्षों के बीच मैं थोड़ा अकेलापन या कमज़ोर महसूस कर रही थी। उस पीड़ा और ठहराव के दौर ने मेरे भीतर दबे हुए कवि को फिर से जगा दिया। ‘दर्द कविता की जननी होती है’—यह बात मेरे साथ सच साबित हुई। मैंने अपनी भावनाओं को कागज़ पर उतारना शुरू किया।

 

मैंने शुरुआत में कभी नहीं सोचा था कि मैं किताबें प्रकाशित करवाऊंगी। मैं बस सोशल मीडिया पर अपनी कविताएं लिख कर साझा करती थी। धीरे-धीरे लोगों की सराहना मिलने लगी, मंचों से बुलावा आने लगा और कारवां अपने आप बनता चला गया। आज मेरी पाँच किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं और छठी आने वाली है।

 

मुझे लगता है कि मैंने यह रास्ता खुद नहीं चुना, बल्कि यह मेरी नियति थी और ईश्वर की मर्जी थी कि तकनीकी की दुनिया से होते हुए भी मुझे शब्द साधना के इस पवित्र मार्ग तक ले आई।”

 

आप आकाशवाणी (प्रसार भारती) रायपुर में वर्ष 2019 से प्रोग्राम कम्पेयर के रूप में और दूरदर्शन से भी जुड़ी हैं। मीडिया और मंच का यह सफर आपके लेखन को कैसे प्रभावित करता है?

 

लेखन का शौक तो मेरे भीतर बहुत पहले से था और मेरी किताबें भी उसी का परिणाम हैं, और यही शौक मुझे मीडिया की दुनिया में ले गया। लेकिन आकाशवाणी रायपुर से एक प्रोग्राम कंपेयर के रूप में जुड़ना और दूरदर्शन के साथ काम करना मेरे साहित्यिक जीवन का एक बेहद समृद्ध अनुभव रहा है।

 

जब आप रेडियो या टीवी जैसे माध्यमों से जुड़ते हैं, तो आप सीधे तौर पर समाज, श्रोताओं और दर्शकों से जुड़ जाते हैं। इन मंचों ने मेरी भाषा को और अधिक सधा हुआ, सहज और संवादपूर्ण बनाया है।

 

मीडिया और मंच के इस सफर ने मेरी

लेखनी को और अधिक परिपक्व और

जीवंत बना दिया है।

 

 

आपके अब तक के साहित्यिक सफर में आपकी पहली कविता या रचना कौन सी थी, और आपको साहित्य सृजन की प्रेरणा किससे मिली?

 

सच कहूं तो मुझे अपनी सबसे पहली लिखी हुई कविता अब याद नहीं है, क्योंकि बचपन से ही फिजिक्स-केमिस्ट्री की कॉपियों के पीछे कुछ न कुछ उकेरने की आदत थी और लेखन एक बहती धारा की तरह मेरे भीतर कब से चल रहा था, इसकी कोई निश्चित शुरुआत मुझे याद नहीं। लेकिन हाँ, अगर यह कहें कि इस राह पर चलने की पहली चिंगारी या प्रेरणा मुझे कहाँ से मिली, तो वह किस्सा बहुत साफ है।

 

बचपन में एक दिन स्कूल से लौटकर मैंने टेबल पर भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की एक किताब रखी देखी। मैंने उसे उठा लिया और बस दो-तीन पन्ने पढ़ने के बाद मैं उसमें ऐसी खोई कि धीरे-धीरे पूरी किताब पढ़ डाली। शब्दों का वह जादू और संवेदनशीलता मेरे मन में गहराई तक उतर गई। तभी पहली बार मेरे भीतर यह विचार आया था कि मैं भी बड़ा होकर ऐसा ही कुछ खूबसूरत लिखूँगी।

 

जहाँ तक साहित्य सृजन और शब्दों की बात है, उसकी प्रेरणा मुझे अटल जी की उस किताब से मिली; लेकिन अगर जीवन में कुछ बेहतर करने, संघर्षों से लड़ने और खुद को मज़बूत बनाए रखने की प्रेरणा की बात करूँ, तो मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी प्रेरणा मेरी माँ रहीं। उनके जीवन और संस्कारों ने ही मुझे वह दृष्टि दी, जो आज मेरी रचनाओं में नजर आती है।

आपकी पुस्तकें ‘काव्य- मन का प्रकाश पुंज’, ‘कोशिशों की उड़ान’ और ‘वीरा’ प्रकाशित हो चुकी हैं। इन सभी में आपका मुख्य संदेश पाठकों के लिए क्या है?

 

अब तक मेरी पाँच किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं और छठी आने वाली है। अगर मैं अपनी शुरुआती प्रमुख पुस्तकों की बात करूँ, तो हर किताब का अपना एक अलग भाव और संदेश रहा है:

 

‘काव्य- मन का प्रकाश पुंज’ मेरी पहली रचना थी, जिसका विमोचन तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल जी के कर कमलों से हुआ था। इस पुस्तक में मैंने मानवीय संबंधों, आपसी संवेदनाओं और जीवन के विभिन्न पहलुओं व रंगों को शब्दों में ढालने की कोशिश की है।

 

इसके बाद वर्ष 2018 में मेरी दूसरी पुस्तक ‘कोशिशों की उड़ान’ आई, जिसका विमोचन तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह जी के निवास पर हुआ। इस किताब का मुख्य संदेश पूरी तरह से प्रेरणा और उम्मीद पर आधारित है। इसमें मैंने ऐसी कविताएँ लिखी हैं जो विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत न हारने, निराशा को पीछे छोड़कर उम्मीदों का दामन थामे रहने और अपनी सपनों की उड़ान भरने का हौसला देती हैं।

 

मेरी तीसरी पुस्तक ‘वीरा’ है, जिसका विमोचन तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत जी द्वारा किया गया था। यह पुस्तक नारी शक्ति, महिला सशक्तिकरण और स्त्री की कोमलता के साथ-साथ उसकी अदम्य ताकत को समर्पित है। यह किताब मैंने अपनी माँ को समर्पित की है, क्योंकि नारी के संघर्ष, उसकी सहनशीलता और उसके विभिन्न रूपों को मैंने सबसे करीब से अपनी माँ में ही देखा है।

 

इन सभी पुस्तकों के जरिए मेरा मुख्य संदेश पाठकों के लिए यही रहता है कि जीवन में चाहे कितनी भी मुश्किलें क्यों न आएँ, अपने भीतर की मानवीय संवेदनाओं को जिंदा रखिए, उम्मीदों का दामन कभी मत छोड़िए और अपने हौसलों की उड़ान से हर मुश्किल को पार करने का प्रयास करे।

 

आपके चतुर्थ काव्य संग्रह ‘अम्मा की चाय’ का विमोचन ‘रायपुर साहित्य उत्सव-2026’ में हुआ। इस विशेष को पाठकों से कैसी प्रतिक्रिया मिली है ?

 

मेरा चतुर्थ काव्य संग्रह ‘अम्मा की चाय’ मेरे दिल के सबसे अधिक करीब है। इसका विमोचन ‘रायपुर साहित्य उत्सव-2026’ में हुआ था और पाठकों से इसे जो प्यार मिला है, वह शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

 

जैसा कि नाम से ही जाहिर है, यह पूरी पुस्तक मैंने अपनी माँ को समर्पित की है। वर्ष 2020 में जब मैंने अपनी माँ को खोया, तो एक पल के लिए ऐसा लगा था कि मेरी दुनिया ही बिखर गई है, क्योंकि वे मेरे जीवन का सबसे अहम हिस्सा थीं। उस गहरे गम और खालीपन से उबरने में मुझे काफी समय लगा।

 

मैंने उनकी उदारता, असीम प्रेम, त्याग, संघर्ष और ममता को शब्दों में सहेजते हुए यह किताब लिखी।

 

जब यह पुस्तक पाठकों तक पहुँची, तो मुझे जो प्रतिक्रियाएँ मिलीं, वे बेहद भावुक करने वाली थीं। कई पाठकों ने मुझसे कहा कि इस किताब को पढ़ते हुए उन्हें अपनी माँ की खुशबू महसूस हुई, उन्होंने अपनी माँ को और अधिक करीब पाया और वे अपनी माताओं से वैचारिक व भावनात्मक रूप से और अधिक जुड़ गए। एक लेखक के तौर पर इससे बड़ा पुरस्कार और क्या हो सकता है कि आपकी लिखी हुई पंक्तियाँ किसी के दिल के इतने करीब पहुँच जाएँ और अपनों की याद दिला दें।

 

हाल ही में आपका कहानी संग्रह ‘माटी के पंख’ भी आया है, कविताओं के बाद कहानी लेखन की विधा में उतरने का आपका अनुभव कैसा रहा?

 

लगातार चार काव्य-संग्रह लिखने के बाद जब मैंने गद्य और कहानी लेखन की दुनिया में कदम रखा, तो यह अनुभव मेरे लिए बेहद संतोषजनक और अपने दायरे को और विस्तृत करने वाला रहा। कविताएँ जहाँ दिल की भावनाओं को पल भर में समेट लेती हैं, वहीं कहानियाँ जीवन के विस्तृत फलक, रिश्तों की गहराई और समाज के विभिन्न पहलुओं को खुलकर जीने का मौका देती हैं।

 

बीच-बीच में मैं अखबारों और रेडियो के लिए कहानियाँ लिखती थी, जिन्हें पाठकों और श्रोताओं से भरपूर सराहना मिली। उसी प्रोत्साहन ने मुझे इस बात का विश्वास दिलाया कि मैं कहानियों के माध्यम से भी अपने विचारों को उतनी ही मजबूती से रख सकती हूँ। बस इसी सोच के साथ मेरा पहला कहानी संग्रह ‘माटी के पंख’ सामने आया।

 

इस शीर्षक के पीछे एक बहुत गहरा विचार है। मेरा यह मानना है कि हम चाहे आसमान की कितनी भी ऊँचाइयों को क्यों न छू लें, अगर हम अपनी माटी यानी अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं, तो हमारी उड़ान सबसे सार्थक होती है। इसी मिट्टी की खुशबू को समेटे हुए इस पुस्तक में मैंने मानवीय संवेदनाओं, रिश्तों की गर्माहट और प्रकृति संरक्षण जैसे गंभीर विषयों को पिरोया है। यह कहानियाँ न केवल पाठकों को प्रकृति के करीब ले जाती हैं, बल्कि उन्हें अपनी जड़ों से जुड़ने और प्रेरणा के साथ आगे बढ़ने का हौसला भी देती हैं।”

आपको वर्ष 2026 में ‘छत्तीसगढ़ महतारी अलंकरण सम्मान’ और ‘काव्य श्री सम्मान’ जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया है। इन सम्मानों को पाकर एक रचनाकार के रूप में आपकी जिम्मेदारी कितनी बढ़ जाती है?

 

वर्ष 2026 में ‘छत्तीसगढ़ महतारी अलंकरण सम्मान’ और ‘काव्य श्री सम्मान’ जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जाना मेरे लिए बेहद गर्व और सौभाग्य का क्षण है। मैं ईश्वर की और उन सभी संस्थाओं व आत्मीय जनों की हृदय से शुक्रगुजार हूँ जिन्होंने मेरी कला और साधना को यह मान दिया। यकीनन, जब आपको ऐसे बड़े और प्रतिष्ठित सम्मान मिलते हैं, तो एक रचनाकार के रूप में आपकी जिम्मेदारी कई गुना बढ़ जाती है। यह पुरस्कार सिर्फ आपकी पिछली मेहनत की सराहना नहीं होते, बल्कि आने वाले समय के लिए एक बड़ा उत्तरदायित्व बन जाते हैं और यह अहसास कराते हैं कि समाज की आपसे उम्मीदें और गहरी हो गई हैं।

 

लेकिन सच कहूँ तो मैं कभी किसी सम्मान या पुरस्कार की चाह में नहीं लिखती। मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान, सबसे बड़ा सुकून और ईश्वर का सबसे बड़ा आशीर्वाद वह आत्म-संतोष होता है जो एक अच्छी रचना या कविता लिखने के बाद मुझे मिलता है। मैं हमेशा इसी भाव के साथ लिखती हूँ कि मेरी पंक्तियाँ किसी के जीवन में थोड़ी सी रोशनी, थोड़ी सी उम्मीद और थोड़ा सा संबल बन सकें।

 

मैंने जीवन में वह वक्त भी गुजारा है जब मुझे ऐसा लगा था कि सब कुछ बिखर रहा है, सब कुछ टूट रहा है। उस अनुभव से गुजरने के कारण मैं समझती हूँ कि जब कोई व्यक्ति अंधेरे में हो, तो उसे एक शब्द का सहारा भी कितना सुकून देता है। अगर मेरी लिखी हुई कोई बात किसी की टूटती हुई उम्मीद को जोड़ सके, किसी के दिल को छू सके या किसी के काम आ सके, तो वही मेरे लिए सबसे बड़ा अवार्ड और सबसे बड़ी संतुष्टि होती है।”

 

पूर्व में एक कंप्यूटर शिक्षिका और वेबसाइट डेवलपर के रूप में कार्य करने का आपका अनुभव क्या आज आपके डिजिटल साहित्यिक प्रसार (वेबसाइट और सोशल मीडिया) कितना सहायक है?

 

यह सच है कि मेरा तकनीकी बैकग्राउंड मेरे साहित्यिक सफर में एक बहुत बड़ा प्लस पॉइंट साबित हुआ है। अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद मैंने कई वर्षों तक डिग्री गर्ल्स कॉलेज और अग्रसेन कॉलेज में कंप्यूटर फैकल्टी के रूप में पढ़ाया है और साथ ही एक कंप्यूटर प्रोग्रामर के रूप में भी काम कर चुकी हूँ।

 

आज के दौर में साहित्य को पाठकों तक पहुँचाने के लिए सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यम सबसे बड़ा और सशक्त मंच बन चुके हैं। शुरुआत में जब मैं अपनी कविताएँ सोशल मीडिया पर लिख कर साझा करती थी, तो तकनीकी जानकारी होने की वजह से उन मंचों का सही इस्तेमाल करना, अपनी रचनाओं को इसके माध्यम से पाठकों तक पहुँचाना मेरे लिए कभी मुश्किल नहीं रहा।

 

यही डिजिटल माध्यम मेरा पहला बड़ा जरिया बना जिसके जरिए मेरी रचनाएँ लोगों तक पहुँचीं, पाठकों ने सराहा और आज यह सफर यहाँ तक पहुँचा है।

आप विभिन्न राष्ट्रीय और प्रांतीय मंचों पर काव्य पाठ और संचालन करती हैं। लाइव मंच पर दर्शकों से जुड़ने का आपका सबसे यादगार अनुभव कौन सा रहा है?

 

विभिन्न राष्ट्रीय और प्रांतीय मंचों पर काव्य-पाठ करना और कार्यक्रमों का संचालन करना मेरे लिए हमेशा से एक खूबसूरत अनुभव रहा है। वैसे तो हर मंच और हर आयोजन की अपनी एक खास खूबी होती है और श्रोताओं का प्यार हर जगह मिलता है, लेकिन अगर सबसे यादगार अनुभव की बात करूँ, तो वर्ष 2024 में ओडिशा के बलांगीर में अग्रसेन जयंती के अवसर पर हुआ कार्यक्रम मेरे दिल के बहुत करीब है।

 

बलांगीर में जब मैंने काव्य-पाठ किया, तो वहाँ के स्थानीय श्रोताओं की आत्मीयता, गर्मजोशी,उनके स्नेह ने मुझे अभिभूत कर दिया।

 

भावनाओं का तार जब श्रोताओं से जुड़ता है, तो वह पल अमर हो जाता है। वहाँ के लोगों का वह बेइंतहा प्यार और सम्मान आज भी मेरी स्मृतियों में सबसे खास जगहों पर है।

आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया और इंटरनेट में व्यस्त है, उन्हें साहित्य से जोड़ने के लिए आपके क्या प्रयास हैं?

 

यह सच है कि आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया और इंटरनेट की दुनिया में अधिक व्यस्त है, और इसके चलते पारंपरिक रूप से किताबें पढ़ने का चलन कुछ कम हुआ है। युवा साहित्य से दूर नहीं हैं, बस उनके माध्यम बदल गए हैं।

एक रचनाकार के रूप में मेरा यह प्रयास रहता है कि मैं साहित्य को केवल पन्नों तक सीमित न रखूँ, बल्कि उसे वहाँ ले जाऊँ जहाँ युवा आज की तारीख में सबसे ज्यादा मौजूद हैं—यानी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया पर। मैं अपनी कविताएँ और रचनाएँ सोशल मीडिया पर लगातार साझा करती हूँ, ताकि वे युवाओं की फीड तक आसानी से पहुँच सकें।

 

इसके अलावा, आज की युवा पीढ़ी लंबी और जटिल भाषा के बजाय सीधे दिल को छूने वाली और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी सरल भाषा पसंद करती है। मेरी किताबें—चाहे वह ‘कोशिशों की उड़ान’ जैसी प्रेरणादायक रचनाएँ हों या ‘माटी के पंख’ जैसी कहानियाँ—इसी बात को ध्यान में रखकर लिखी गई हैं कि वे युवाओं के संघर्षों, उनकी उम्मीदों और उनकी भावनाओं से सीधे जुड़ सकें। जब युवा किसी रचना में अपने मन की बात या अपने जैसी कोई उलझन देखते हैं, तो वे खुद-ब-खुद उस साहित्य से जुड़ जाते हैं। मेरा मानना है कि माध्यम चाहे सोशल मीडिया का हो या किताब का, अगर बात सच्ची और असरदार हो, तो युवा आज भी साहित्य की तरफ उतनी ही गहराई से खिंचे चले आते हैं।

 

आपके व्यस्त और सफल साहित्यिक जीवन में आपके परिवार का सहयोग किस प्रकार का रहा है?

 

मेरे इस साहित्यिक सफ़र में अगर किसी का सबसे बड़ा आशीर्वाद है, तो वह मेरी माँ का है। वह आज भले ही इस भौतिक रूप में हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका साया और उनकी प्रेरणा हर पल मेरे साथ महसूस होती है।

 

सच कहूँ तो मैं आज जो कुछ भी हूँ, अपनी माँ की वजह से ही हूँ। उनके जीवन के संघर्ष, उनका असीम त्याग, उनकी ममता और उनकी उदारता ही वे संस्कार हैं जो मेरी लेखनी और मेरी कविताओं के रूप में पन्ने पर उतरते हैं। जब भी मैं किसी मुश्किल दौर से गुजरती हूँ या कलम उठाने बैठती हूँ, तो उनकी सिखाई गई बातें और उनकी यादें मुझे भीतर से मजबूत करती हैं। मेरी हर सफलता, मेरी हर कविता और मेरी हर पुस्तक उन्हीं के चरणों में समर्पित है।

 

नये वर्ष में आपकी प्रकाशित होने वाली कृतिओं के बारे में जानना चाहेंगे?

 

अभी मेरी छठी किताब पाठकों के सामने आने जा रही है, जिसका नाम ‘माटी का आसमान’ है। यह एक कहानी संग्रह है।

 

इस पुस्तक में कुल 28 कहानियाँ हैं, और इसका मुख्य केंद्र-बिंदु मानवीय संवेदनाएँ और प्रकृति संरक्षण है। आज के इस दौर में जहाँ हम अपनी जड़ों और प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं, यह किताब हमें अपनी माटी अपनी जड़ों से जुड़ने का अहसास कराती है। इस किताब की कहानियाँ न केवल जीवन के विभिन्न पहलुओं और रिश्तों को छूती हैं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी उम्मीद की एक नई किरण जगाती हैं।

 

मुझे पूरा यकीन है कि ‘माटी का आसमान’ की ये प्रेरणादायक कहानियाँ पाठकों के दिलों तक सीधे उतरेंगी और उन्हें सोचने के साथ-साथ एक आत्मिक सुकून भी देंगी।

ShareTweetSend
Previous Post

From School Notebooks to Global Runways : The Khushboo Chawla Story

Next Post

Kathmandu to California

Next Post
Kathmandu to California

Kathmandu to California

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RECOMMENDED NEWS

China To Build Indonesia’s Longest Bridge In North Kalimantan

4 years ago
What can I say about music? It keeps me alive. When I sing, I feel connected to something greater.”

What can I say about music? It keeps me alive. When I sing, I feel connected to something greater.”

3 years ago
सफलता का जीवन में महत्व:प्रो. (डॉ.) दिव्या तंवर

सफलता का जीवन में महत्व:प्रो. (डॉ.) दिव्या तंवर

4 years ago
Working to create a positive work culture & learning environment

Working to create a positive work culture & learning environment

2 years ago

BROWSE BY CATEGORIES

  • Achievers Impact
  • Art and culture: impact international
  • Authors impact
  • Book in News
  • Budget Impact
  • chef's impact
  • Cine impact
  • Cine Insight
  • Cine Personality
  • CORPORATE FOCUS
  • Corporate impact
  • Corporate inside
  • CORPORATE INTERVIEW
  • Corporate News
  • Corporate Personality
  • Cover Story
  • ECONOMY IMPACT
  • EDUCATION IMPACT
  • Education Insight
  • EMOTIONAL INTELLIGENCE
  • Enterpreneurs impact
  • Face to Face
  • Fashion and Lifestyle
  • Fitness first
  • Health and Wellness
  • Health Care
  • HEALTH IMPACT
  • Health insight
  • Historical facts
  • Impact feature
  • Impact International
  • Impact interview
  • Insight international
  • Insight story
  • INSIGHT TALK
  • International Women day
  • Legal impact
  • Media entrepreneur
  • Music world
  • News Impact
  • Personalities Impact
  • Personality INSIGHT
  • Positive impact
  • PRIME PERSONALITY
  • Simply Two
  • Simply You
  • Social impact
  • Sports Personality
  • State Impact
  • Tech Personality
  • Travel & tourism
  • Uncategorized
  • Vichar monthan
  • View point
  • WE INSIGHT
  • We listen
  • Women Achievers
  • Young ACHIEVERS
  • अचीवर इनसाईट
  • दो बाते
  • विमन प्राइड

BROWSE BY TOPICS

2018 League Balinese Culture Bali United Budget Travel Champions League Chopper Bike Doctor Terawan Istana Negara Market Stories National Exam Visit Bali

POPULAR NEWS

  • Classical music holds a special place in my heart

    Classical music holds a special place in my heart

    0 shares
    Share 0 Tweet 0
  • Mayur Girase : A Journey of Perseverance and Creativity

    0 shares
    Share 0 Tweet 0
  • The Real Story Behind “It’s 12 o’clock” for Sardar Jee

    0 shares
    Share 0 Tweet 0
  • भारतीय न्यायपालिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) केस-लॉ आधारित संवैधानिक विश्लेषण

    0 shares
    Share 0 Tweet 0
  • Believe in your ability to make positive changes

    0 shares
    Share 0 Tweet 0

Contact Us

P. +91 75818 02616
P. +91 91792 61660
Email: editor@digicorporate70.com

Recent News

  • Blooming Beyond Fear : The Courageous Journey of Sonia Singh
  • MIKU NCERT New ways of learning for a new generation of learners
  • Kathmandu to California

Archives

  • November 2026
  • September 2026
  • August 2026
  • July 2026
  • June 2026
  • May 2026
  • April 2026
  • March 2026
  • February 2026
  • January 2026
  • December 2025
  • November 2025
  • October 2025
  • September 2025
  • August 2025
  • July 2025
  • June 2025
  • May 2025
  • April 2025
  • March 2025
  • February 2025
  • January 2025
  • December 2024
  • November 2024
  • October 2024
  • September 2024
  • August 2024
  • July 2024
  • June 2024
  • May 2024
  • April 2024
  • March 2024
  • February 2024
  • January 2024
  • December 2023
  • November 2023
  • October 2023
  • September 2023
  • August 2023
  • July 2023
  • June 2023
  • May 2023
  • April 2023
  • March 2023
  • February 2023
  • January 2023
  • December 2022
  • November 2022
  • October 2022
  • September 2022
  • August 2022
  • June 2022

Recent News

Blooming Beyond Fear : The Courageous Journey of Sonia Singh

Blooming Beyond Fear : The Courageous Journey of Sonia Singh

November 20, 2026
MIKU NCERT New ways of learning for a new generation of learners

MIKU NCERT New ways of learning for a new generation of learners

November 20, 2026
  • About Us

Copyright © 2022 by digicorporate70.com

No Result
View All Result
  • Home
  • Cine Insight
  • Cover Story
  • Fashion and Lifestyle
  • Health and Wellness
  • Impact International
  • News Impact
  • Personalities Impact
  • Simply Two
  • Simply You
  • State Impact
  • Women Achievers
  • PDF Issues

Copyright © 2022 by digicorporate70.com